तसनीम समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार यमन में सऊदी गठबंधन की ओर से इस देश पर थोपे गए युद्ध के संबंध में एक ऐसी रिपोर्ट सामने आई है जिसको जानकर आपका दिल दहल जाएगा। एक रिपोर्ट द्वारा इस बात का रहस्योद्घाटन किया गया है कि यमन युद्ध के आरंभ से अब तक सऊदी गठबंधन की बमबारी और उसके द्वारा यमन की घेराबंदी इस बात का कारण बनी है कि अब तक यमन के 85 हज़ार बच्चे मौत की बाज़ी हार गए हैं।
अंतर्राष्ट्रीय मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक़ यमन में मानवता प्रेमी कार्यों में सक्रिय संयुक्त राष्ट्र संघ के संबंधित संगठनों और अन्य विभिन्न एनजीओ ने बच्चों की मौत के संबंध में बड़े ही भयावय आंकड़े जारी किए हैं। अंतर्राष्ट्रीय मीडिया सूत्रों का कहना है कि यमन में सऊदी गठबंधन की बमबारी में इतने बच्चों की मौतें नहीं हुई है जितने बच्चों ने भूख और प्यास के कारण तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया है।
बच्चों की सुरक्षा के लिए काम करने वाली एक अंतर्राष्ट्रीय संस्था की रिपोर्ट में कहा गया है कि सऊदी अरब की ओर से हुदैदा बंदरगाह पर क़ब्ज़े को लेकर किए गए भीषण पाश्विक हमलों और वहां जारी झड़पों के कारण यमन पहुंचने वाले खाद्य पदार्थों के मासिक वितरण में 55 हज़ार मीट्रिक टन की कमी आई है और अगर युद्ध विराम न हुआ तो 1 करोड़ 40 लाख यमनी भूख और प्यास के कारण अपनी जान गवा बैठेंगे।
उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र संघ सहित लगभग सभी अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों द्वारा यमन में दी जा रही मानव त्रासदी की चेतावनी के बावजूद सऊदी अरब अपने कुछ अरब देशों की सहायता और अमेरिका एवं इस्राईल की मदद से यमन पर हर दिन बमबारी कर रहा है।